दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से कपड़ा व्यवसायी की मौत

चूरू। जिले के सरदारशहर क्षेत्र में रतनगढ़-सरदारशहर मेगा हाईवे पर शनिवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा राणासर बिकान गांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजीतसर निवासी 34 वर्षीय रामनिवास जाट के रूप में हुई है, जो सरदारशहर में कपड़े की दुकान संचालित करता था। वह रोजाना बाइक से गांव से सरदारशहर आना-जाना करता था। रोज की तरह शनिवार को भी वह दुकान का काम खत्म कर अपने गांव लौट रहा था।
जांच अधिकारी एसआई ओमप्रकाश यादव के अनुसार मृतक के छोटे भाई ओमप्रकाश पुत्र दीपाराम जाट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार रात करीब 8 बजे रामनिवास बाइक से अजीतसर लौट रहा था। इसी दौरान राणासर बिकान गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल रामनिवास को स्थानीय लोगों की मदद से राजकीय उपजिला अस्पताल, सरदारशहर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।