NEET UG 2026 री-एग्जाम की तारीख घोषित, हाई सिक्योरिटी में होगा एग्जाम; पढ़े पूरी अपडेट

post 224 (1)

नई दिल्ली। देशभर में चर्चा का विषय बने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले के बाद अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि NEET UG 2026 की री-एग्जाम परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने इसकी सूचना अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए साझा की।

हाई सिक्योरिटी में तैयार होगा नया प्रश्नपत्र:-

NTA ने स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम के लिए नया प्रश्नपत्र तैयार किया जा रहा है। इस बार पेपर सेटिंग प्रक्रिया को पहले से अधिक गोपनीय और मल्टी-लेयर सिक्योरिटी के तहत रखा जाएगा, ताकि किसी भी तरह की लापरवाही या लीक की संभावना खत्म की जा सके।

विशेषज्ञों की नई टीम करेगी पेपर तैयार:-

सूत्रों के अनुसार, अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों की नई टीम गठित की जा रही है, जो नए प्रश्न तैयार करेगी। प्रश्नपत्र में बेसिक थ्योरी, फॉर्मूला आधारित सवाल, एप्लिकेशन बेस्ड प्रश्नों और एनालिटिकल क्वेश्चन देखने को मिल सकते हैं। एजेंसी का फोकस परीक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा को मजबूत करना है।

पेपर लीक रोकने के लिए सख्त इंतजाम:-

इस बार प्रश्नपत्र की प्रिंटिंग और डिलीवरी प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई थी कि पिछली बार पेपर लीक प्रिंटिंग प्रक्रिया के दौरान हुआ था। इसे देखते हुए अब डिजिटल एन्क्रिप्शन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा और प्रश्नपत्र ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मदद भी ली जाएगी।

दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं:-

री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा। पहले से पंजीकृत उम्मीदवार सीधे परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारियां जल्द ही NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। छात्रों को नियमित रूप से ऑफिशियल अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।

CBI जांच में लगातार खुलासे:-

NEET UG 2026 पेपर लीक मामला अब बड़े शिक्षा घोटाले के रूप में सामने आ रहा है। CBI जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। एजेंसी के मुताबिक परीक्षा से करीब एक सप्ताह पहले ही पेपर लीक की साजिश रची जा चुकी थी।

अब तक 7 आरोपी गिरफ्तार:-

मामले में अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। CBI ने बुधवार को देशभर में 14 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन की कस्टडी में भेजा गया है। जांच एजेंसी को शक है कि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार धनंजय लोखंडे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड हो सकता है। फिलहाल CBI पूरे सिंडिकेट और उसके नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।