केन्द्रीय विद्यालय खाजूवाला में कानूनी साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

खाजूवाला, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती मोनिका ने बच्चों को किया जागरूक विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक, जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय खाजूवाला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शोषण के खिलाफ आवाज उठाओ:स्वयं अपने रक्षक बनो। अच्छा स्पर्श, बुरा स्पर्श: फर्क समझो, सुरक्षित रहो विषय पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट मोनिका ने छात्र-छात्राओं को गुड टच, बैड टच, साइबर अपराध, शारीरिक, यौन व मानसिक उत्पीड़न की पहचान की जानकारी दी एवं ऐसी स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपाय भी बताए।
न्यायाधीश ने बच्चों से संवाद किया। कहा, डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया, मोबाइल फोन, इंटरनेट का उपयोग सावधानी से करें। अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत न करें। निजी जानकारी साझा न करें।
गुड टच, बैड टच पर सरल भाषा में समझाया। कहा, कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करे या शारीरिक, मानसिक या यौन उत्पीड़न करे तो ऐसी बात छिपाएं नहीं। तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को बताएं। धमकी, ब्लैकमेलिंग, साइबर ठगी, उत्पीड़न की स्थिति में डरें नहीं। तुरंत संबंधित लोगों को सूचना दें। समय पर शिकायत से अपराध पर नियंत्रण होता है और पीड़ित को समय पर मदद मिलती है।
विद्यालय के प्राचार्य श्रवण कुमार ने पौधा भेंट कर न्यायाधीश का हरित स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। अधिकारों व सुरक्षा के प्रति सजग बनाते हैं। कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में प्रभारी शिक्षक अंकित कुमार ने न्यायधीश एवं उनकी टीम का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम कराने का अनुरोध किया।