बीकानेर: क्रेटा कार और 5 लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकाला, मामला दर्ज

बीकानेर: श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव के अनुसार, बिग्गाबास निवासी संगीता पुत्री शिवरतन रेगर ने अपने ससुराल पक्ष के कई सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसका विवाह 19 मार्च 2025 को रतनगढ़ निवासी जितेश उर्फ सोनू के साथ हुआ था। विवाह के दौरान उसके पिता ने सोने-चांदी के आभूषण, करीब डेढ़ लाख रुपए नकद, 50 हजार रुपए की एफडी सहित घरेलू सामान, कंबल, साड़ियां आदि दहेज में दिए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपए की एफडी पति के नाम कराने, पांच लाख रुपए नकद देने और कम दहेज लाने के ताने देकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, 19 अक्टूबर 2025 को सुबह करीब 9:30 बजे आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। उसी दिन शाम को उसके परिजन ससुराल पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया।
इसके बाद 21 अक्टूबर 2025 को पीड़िता के पीहर में पंचायत हुई, जहां ससुराल पक्ष ने एक कार (क्रेटा) और पांच लाख रुपए की मांग रखी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंपी है।