दर्दनाक हादसा: ट्रेलर ने बाइक सवारों को कुचला, तीन युवकों की मौत

सिरोही: उदयपुर-पालनपुर फोरलेन हाईवे पर सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र में भीमाना के पास सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल को सिरोही ट्रोमा सेंटर रैफर किया, जिसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही रोहिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हेड कांस्टेबल रोहिताश कुमार ने बताया कि कोटड़ा अचापुरा निवासी धनाराम, जोडफली रोहिड़ा निवासी राजूराम और कम्बोई वॉलोरिया निवासी बदाराम बाइक से जा रहे थे। भीमाना के पास फोरलेन पार करते समय सिरोही से आबूरोड की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद रौंदता हुआ निकला ट्रेलर:-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर चालक ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मारी और तीनों को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में धनाराम और राजूराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बदाराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल बदाराम को एंबुलेंस से स्वरूपगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर सिरोही ट्रोमा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने लिया जायजा, वाहन जब्त:-
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राजेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह और डीएसपी भंवरलाल चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रेलर और बाइक को जब्त कर लिया है। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
इलाके में शोक, लोगों ने उठाए सवाल:-
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।