18 वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, एक दिन पहले सोशल मीडिया पर शेयर की थी चिता की तस्वीर

राजसमंद। जिले के चारभुजा थाना क्षेत्र के मोराना गांव में बुधवार को एक 18 वर्षीय युवती द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चारभुजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया।
थाना अधिकारी सोनाली शर्मा ने बताया कि मोराना निवासी नर्बदा पुत्री भंवरलाल भील (18) ने अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
एक दिन पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी चिता की तस्वीर:-
जानकारी के अनुसार, नर्बदा पिछले कुछ समय से अपने पीहर मोराना में रह रही थी। करीब पांच माह पहले उसने चारभुजा क्षेत्र के लालेरा की भागल निवासी शिवा भील से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से एक दिन पहले युवती ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर श्मशान में जलती चिता की तस्वीर पोस्ट की थी।
बुधवार सुबह जब उसके पिता घर पहुंचे तो नर्बदा फंदे पर लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पति लगातार करता रहा कॉल:-
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले नर्बदा का पति शिवा उसे बार-बार फोन कर रहा था, लेकिन उसने कोई कॉल रिसीव नहीं की। बताया जा रहा है कि नर्बदा पीहर में रहती थी, हालांकि उसका ससुराल आना-जाना भी लगा रहता था। किसी जरूरी काम के चलते शिवा ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल पति-पत्नी के बीच किसी विवाद की शिकायत सामने नहीं आई है। मृतका के परिजनों ने भी अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच उप सहायक निरीक्षक कालूराम और गोमती चौकी प्रभारी विनोद पुरोहित द्वारा की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।