बीकानेर: हाईवे पर तीन वाहनों की जोरदार भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

post 892 (1)

बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कितासर के पास बुधवार रात तीन वाहनों की टक्कर से सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, हाईवे पर एक आई-20 कार और फॉर्च्यूनर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर संभल पाती, उससे पहले पीछे से आ रही एक अन्य कार भी उससे जा भिड़ी। इससे तीनों वाहन हादसे की चपेट में आ गए।

बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर में सवार तीन लोग सालासर बालाजी के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।