खाजूवाला नगरपालिका में चल रहा शिविर, आमजन को मिल रहा लाभ

खाजूवाला। राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ‘शहरी सेवा शिविर – 2026’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष अभियान 12 जून 2026 से शुरू होकर आगामी 15 जुलाई 2026 तक जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का तुरंत लाभ पहुंचाना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल कर जनता को राहत देना है।
शिविर के दौरान साफ-सफाई, पेचवर्क, सार्वजनिक पार्कों की सफाई, स्टेट ग्रांट पट्टे, कच्ची बस्ती 69-ए में कृषि भूमि से जुड़े पट्टे, भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर पंजीयन, उप-विभाजन, एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र तथा जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहकर आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करा रहे हैं, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्व-निधि योजना तथा प्रधानमंत्री स्व-निधि योजना के तहत भी आवेदन लिए जा रहे हैं। नगर पालिका द्वारा वार्डवार अभियान चलाकर लोगों की समस्याओं को चिन्हित किया जा रहा है तथा आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निस्तारण किया जा रहा है।
शिविरों में महिला एवं बाल विकास विभाग, पीएचईडी विभाग, चिकित्सा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा विद्युत विभाग से जुड़े मामलों का भी समाधान किया जा रहा है। नागरिक बिजली के नए मीटर लगवाने, ढीले बिजली के तार ठीक करवाने, क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलवाने सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी शिविर में आवेदन कर सकते हैं।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार शिविर का समय प्रातः 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। नगर पालिका क्षेत्र के सभी निवासियों से अपील की गई है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुंचकर संबंधित विभागों से जुड़े अपने कार्यों का लाभ उठाएं तथा विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का मौके पर ही निस्तारण करवाएं।