सड़क किनारे मिला युवक का शव:एक दिन पहले गुरुग्राम से घर के लिए निकला था

सड़क किनारे मिला युवक का शव:एक दिन पहले गुरुग्राम से घर के लिए निकला था
हरियाणा के गुरुग्राम से अपने गांव लौट रहे एक युवक का शव गांव से डेढ़ किलोमीटर पहले सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना झुंझुनूं जिले के पंचेरीकलां थाना क्षेत्र के सहड़ गांव का है। थानाधिकारी बनवारीलाल यादव ने बताया- बुधवार सुबह सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के सहड़ रोड पर माजरी गांव के पास एक युवक का शव मिला है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। जहां शव की पहचान विक्रम सिंह (30) पुत्र रघुवीर यादव निवासी सहड़ (पंचेरीकलां) के रुप में हुई। विक्रम के ताऊ के बेटे कृष्ण कुमार ने बताया- विक्रम सिंह मंगलवार की शाम को गुरुग्राम से अपने गांव सहड़ लौट रहा था। रात में जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने सूचना मिली कि सहड़ गांव से डेढ़ किलोमीटर दूर मांजरी गांव के पास एक शव मिला है। इस पर परिवार के लोग मौके पर पहुंची। जहां शव की पहचान मेरे भाई विक्रम सिंह के रूप में हुई। रिपोर्ट में कृष्ण कुमार ने बताया कि विक्रम की मौत सामान्य हादसा नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है।