ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, मंगेतर की बर्थडे पार्टी में जा रहा था

ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, मंगेतर की बर्थडे पार्टी में जा रहा था
कोटा व बूंदी जिले में दो अलग अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों के शवों का न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्च्यूरी में पोस्टमॉर्टम हुआ। पहली घटना कोटा के नाता थाना क्षेत्र की है ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर में घायल मुकंदरा गिरधरपुरा निवासी रवि शर्मा (25) की इलाज के दौरान हॉस्पिटल में मौत हो गई। मामा बसंत ने बताया कि रवि परिवार में इकलौता बेटा था। उसने बीए तक पढ़ाई कर रखी थी। वर्तमान में पिता के साथ खेती-बाड़ी संभालता था। साथ ही पंडिताई भी करता था। एक महीने पहले ही उसका नांता इलाके में रिश्ता पक्का किया था। 24 मई को उसकी मंगेतर का जन्मदिन था। जिससे चलते उसे ससुराल वालों ने बुलाया था। नांता थाना ASI घीसा सिंह ने बताया कि 24 मई को रवि अपने दोस्त सुनील के साथ गिरधरपुरा से नाता की तरफ जा रहा था। शाम साढ़े 6 बजे के आसपास हैंगिंग ब्रिज के आगे ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में रवि गंभीर घायल हो गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त सुनील घायल है, जिसका कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए जाएंगे।