2 बहनों के इकलौते भाई की मौत, 3 महीने पहले ही लगी थी नौकरी

13

2 बहनों के इकलौते भाई की मौत, 3 महीने पहले ही लगी थी नौकरी

दिल्ली-मुम्बई मुख्य रेल लाइन की डाउन लाइन में ब्लॉक पुशिंग कार्य के दौरान गुरुवार रात हादसे में दो इंजीनियर्स की मौत के मामले में रेलवे की ओर से तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया गया है। जांच दल हादसे के सभी तथ्यों की बारीकी से जांच करेगा। इधर, दोनों मृतकों के परिजनों के पहुंचने पर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिए। रेलवे की ओर से दोनों इंजीनियर्स के परिजनों को तुुरंत सहायता के रूप में 35-35 हजार रुपए की राशि दी। 25-25 लाख रुपए मुआवजा देने और दोनों परिवारों के एक-एक सदस्य को अनुकम्पा नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

तीन माह पहले ही लगी थी नौकरी
दुर्घटना में मारे गए जूनियर इंजीनियर भोपाल निवासी प्रभात सिंह की तीन माह पहले ही रेलवे में नौकरी लगी थी और फिलहाल ट्रेनिंग चल रही थी। वह परिवार में इकलौते पुत्र थे। उनकी दो बहनें हैं। परिजनों ने कहा कि नया होने के बावजूद प्रभात को जोखिम भरे प्रोजेक्ट में लगा दिया गया। इससे उनकी जान चली गई। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी प्रभात पर थी। पुलिस भी मामले की जांच की जा रही है।