पुलिस-चौकी से कुछ दूर युवक की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में देर रात विवाद के बाद वारदात

7

पुलिस-चौकी से कुछ दूर युवक की चाकू मारकर हत्या, पुरानी रंजिश में देर रात विवाद के बाद वारदात

अजमेर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात कोतवाली थाने की चौकी से महज कुछ ही दूरी पर डिग्गी चौक के पास हुई। पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कोतवाली थाना प्रभारी अनिल देव ने बताया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अस्पताल चौकी से सूचना मिली थी कि गंभीर रूप से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है। जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 20 वर्षीय बरकत के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार बरकत मूल रूप से दिल्ली का रहने वाला था। करीब दो महीने पहले ही वह अपने परिवार के साथ अजमेर के दरगाह क्षेत्र स्थित सिलावट मोहल्ला में रहने आया था। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी को अभी एक वर्ष ही हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिग्गी चौक के पास बरकत का एक खानाबदोश युवक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से कई वार कर दिए, जिससे बरकत गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

You may have missed