Weather Update: राजस्थान में फिर करवट लेगा मौसम, 25 से 29 अप्रैल तक बारिश-आंधी का अलर्ट

post 1814 (1)

Weather Update: राजस्थान में जारी भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू होगा, जबकि 26 से 29 अप्रैल के बीच कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और तेज आंधी की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से 25 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में हल्की बारिश की शुरुआत हो सकती है। इसके बाद 26, 27 और 28 अप्रैल को पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में दोपहर बाद धूलभरी आंधी, मेघगर्जन और हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।

पूर्वी राजस्थान में भी अलर्ट जारी:-

इसके अलावा जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के साथ-साथ बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी इन दिनों बारिश की गतिविधियां दर्ज हो सकती हैं। 29 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान, खासकर जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।

किसानों के लिए एडवाइजरी जारी:-

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसल और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि बारिश और तेज हवाओं से नुकसान से बचा जा सके। साथ ही मेघगर्जन और आंधी के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

हीटवेव का असर बरकरार:-

बारिश की संभावना के बावजूद प्रदेश में गर्मी का प्रकोप अभी कम नहीं होगा। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है। अधिकांश जिलों में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी:-

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है, जबकि उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

ऐसे में लोगों को लू और गर्मी से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।