Weather Update: राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, IMD ने इन जिलों में किया आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी

post 1572 (1)

Weather Update: जयपुर, प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की बारिश की चेतावनी दी है। यह अलर्ट फिलहाल अगले तीन घंटों के लिए प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, अलवर और कोटपूतली सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ा असर:-

विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज पूरे दिन राज्य के कई हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। जयपुर, दौसा, बहरोड़ और आसपास के इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

भीषण गर्मी के बीच आंशिक राहत:-

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल गर्मी का असर बरकरार है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटों में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

तापमान में हल्की गिरावट के आसार:-

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी राजस्थान में आंधी और हल्की बारिश के चलते तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी और आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ने की संभावना है।

लोगों के लिए एडवाइजरी:-

विशेषज्ञों ने लोगों को तेज हवाओं और गर्मी से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले में निकलते समय सावधानी बरतें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और पर्याप्त पानी का सेवन करें।