पेड़ से लटके मिले प्रेमी युगल के शव, इलाके में फैली सनसनी

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के भोड़की गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जोहड़ के पास पेड़ से प्रेमी युगल के शव लटके हुए मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीण ने देखा मंजर, पुलिस को दी सूचना:-
सुबह करीब 6 बजे गांव के एक ग्रामीण ने जोहड़ के पास यह दृश्य देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र को घेरते हुए जांच शुरू की।
आत्महत्या की आशंका, मौके पर मिली सल्फास:-
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने कीकर के पेड़ पर दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या की। घटनास्थल के नीचे सल्फास की गोलियां भी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्होंने पहले जहर का सेवन किया और बाद में फांसी लगाई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
युवक हरियाणा का, युवती स्थानीय निवासी:-
पुलिस को युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सुनील कुमार (32) पुत्र जयबीर निवासी भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। वहीं युवती इंदुबाला (28) पुत्री महावीर प्रसाद मेघवाल खींवासर गांव की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है।
आर्मी में कार्यरत था युवक, हाल ही में आया था घर:-
मृतक के परिजनों के अनुसार सुनील आर्मी में कार्यरत था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी पर घर आया था। इस दौरान वह युवती से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था, जिसे लेकर परिवार में विवाद की स्थिति भी बनी थी।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ था प्रेम संबंध:-
बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। गुरुवार शाम युवक घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग:-
पुलिस को मौके से बाइक, हेलमेट, पानी की बोतलें और सल्फास की डिब्बी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।