राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, IMD ने प्रदेश के 12 जिलों में किया बारिश का अलर्ट जारी

जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने सोमवार दोपहर 3:20 बजे जारी नाउकास्ट चेतावनी में राजस्थान के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है।
ऑरेंज अलर्ट के तहत चूरू, सीकर, नागौर, बीकानेर और श्रीगंगानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।
वहीं येलो अलर्ट सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, बारां, कोटा, जयपुर और हनुमानगढ़ जिलों के लिए जारी किया गया है, जहां 20–30 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार यह चेतावनी केवल अगले तीन घंटों के लिए प्रभावी रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान भारी बारिश की संभावना नहीं है, बल्कि तेज हवा और गरज-चमक जैसी स्थितियां बन सकती हैं।