दर्दनाक हादसा: झोपड़ी में लगी आग से दो सगी बहनों की जिंदा जलकर मौत

post 304 (1)

राजस्थान के चूरू जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बीदासर क्षेत्र के निकटवर्ती गांव मानपुरा की रोही में खेत में बनी झोपड़ी में अचानक आग लगने से अंदर सो रही दो बच्चियां बुरी तरह से झुलस गई, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खेत में बनी झोपड़ी में चूल्हा जल रहा था। इसी दौरान तेज हवा के कारण चूल्हे से निकली चिंगारी ने झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। उस समय झोपड़ी के अंदर 11 वर्षीय मोनिका और 9 वर्षीय डाली सो रही थीं।

आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी जलकर ढह गई। झोपड़ी गिरने से दोनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं और गंभीर रूप से झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चियों के शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर डीएसपी नेमीचंद ने घटनास्थल का जायजा लिया, जबकि बीदासर एसडीएम अम्मीलाल यादव और सुजानगढ़ एसपी सतपाल सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may have missed