बीकानेर: चलती ट्रेन से गिरने पर व्यक्ति की मौत, रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों में मिला शव

post 303 (1)

बीकानेर। लूणकरणसर-नाथवाना रेलवे स्टेशन के बीच रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सामाजिक संस्था टाइगर फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से रेलवे ट्रैक के आसपास सर्च अभियान शुरू किया गया।

सर्च के दौरान रेलवे ट्रैक के पास पिलर संख्या 236 के निकट झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर राधेश्याम भाटी पुत्र नेमीचंद भाटी निवासी अथूना बास, राजलदेसर, जिला चूरू के रूप में हुई।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतक के परिजनों को अवगत कराया और शव को लूणकरणसर उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। प्रारंभिक आशंका है कि मृतक चलती ट्रेन से गिरा, हालांकि वह किस ट्रेन से गिरा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।

मामले को लेकर एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि सूचना रेलवे पुलिस को दे दी गई है और आगे की जांच व आवश्यक कार्रवाई रेलवे पुलिस द्वारा की जाएगी।

You may have missed