दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, दो युवकों की मौत; एक गंभीर घायल

post 85 (1)

राजस्थान के भरतपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है। तीनों युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे, तभी सेवर थाना क्षेत्र में आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर बहनेरा गांव के पास यह हादसा हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 8:50 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे शीशम मोड़ के पास पकड़ लिया।

दो की मौत, एक की हालत नाजुक:-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आरबीएम अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने निशु कटरा (निवासी आगरा) और आकाश चौहान (निवासी फिरोजाबाद) को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरा घायल बनिया, निवासी फिरोजाबाद, आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शादी में जा रहे थे युवक:-

पुलिस के अनुसार तीनों युवक आगरा से भरतपुर की ब्रज नगर कॉलोनी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। लेकिन गंतव्य से करीब 5 किलोमीटर पहले ही यह हादसा हो गया।

एक बाइक पर थे तीनों, नहीं पहना था हेलमेट:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। फिलहाल पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।