Road Accident: बस की टक्कर से बोलेरो डिवाइडर पार कर एम्बुलेंस से भिड़ी, 6 घायल

post 86 (1)

Road Accident: राजधानी जयपुर के हरमाड़ा इलाके में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीकर रोड पर नींदड़ आवासीय योजना के पास तेज रफ्तार बस ने आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो उछलकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एम्बुलेंस से जा टकराई।

हादसे में बोलेरो और एम्बुलेंस दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एम्बुलेंस में मौजूद मरीज, उसके परिजन और बोलेरो सवार लोगों समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

बस चालक मौके से फरार:-

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि बस काफी तेज गति में थी, जिससे पीछे से टक्कर लगते ही बोलेरो अनियंत्रित हो गई।

एम्बुलेंस में जा रहा मरीज भी घायल:-

हादसे के समय एम्बुलेंस एक मरीज को अस्पताल ले जा रही थी। बोलेरो की टक्कर के बाद एम्बुलेंस में सवार मरीज, उसके परिजन और बोलेरो में बैठे लोग फंस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

हाईवे पर लगा लंबा जाम:-

दुर्घटना के कारण जयपुर-सीकर हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची हरमाड़ा थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। करीब डेढ़ घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।