दर्दनाक हादसा: बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

post 593 (1)

जयपुर। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा आंतेला के नीलका क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिया निर्माण कार्य के चलते यातायात को सर्विस रोड से गुजारा जा रहा था। इसी दौरान सरियों से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर होटल की पार्किंग में जा घुसा और वहां खड़े एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार ट्रेलर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। सर्विस रोड पर अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार करते हुए सड़क किनारे स्थित एक होटल की पार्किंग तक पहुंच गया। इस दौरान पार्किंग के पास खड़े आंतेला निवासी सुरजाराम यादव उसकी चपेट में आ गए।

टक्कर इतनी भयानक थी कि सुरजाराम सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। इसके बाद भी ट्रेलर नहीं रुका और बुजुर्ग को करीब 100 फीट तक सड़क पर घसीटता हुआ आगे निकल गया। यह खौफनाक मंजर देखकर आसपास मौजूद लोग चिल्लाते हुए तुरंत मौके की तरफ दौड़े और किसी तरह ट्रेलर को रुकवाया। हालांकि, भीड़ को अपनी तरफ आता देख आरोपी ड्राइवर चालाकी से ट्रेलर को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल सुरजाराम को तत्काल पावटा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पावटा थाने के एएसआई (ASI) भोला राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक सुरजाराम यादव खेती-किसानी से जुड़े परिवार से थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।