दर्दनाक हादसा: छुट्टी पर घर लौट रहे सेना के जवान को बेकाबू ट्रेलर ने कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
R.खबर ब्यूरो। राजस्थान के दौसा जिले में नेशनल हाईवे-21 पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। झांसी से झुंझुनूं लौट रहे सेना के एक जवान की बेकाबू ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मानपुर थाना क्षेत्र में सीकरी कट के पास हुए इस हादसे में झांसी में तैनात सेना के जवान एके मान (50 वर्ष), निवासी भील तहसील गोहाना, जिला झुंझुनूं की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, छुट्टी मिलने के बाद जवान झांसी से किराए की कार लेकर अपने गांव लौट रहे थे।
सुबह करीब छह बजे नेशनल हाईवे 21 पर सीकरी कट के पास एक होटल के नजदीक कार रुकवाकर जवान चाय पीने चले गए, जबकि कार चालक वाहन में ही सो गया। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े जवान को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि जवान का शव ट्रेलर के टायरों में फंस गया और वाहन करीब 200 मीटर तक शव को घसीटता हुआ ले गया। गश्त पर निकली पुलिस ने सड़क पर घसीटने के निशान देखे तो पास खड़ी कार सवार से पूछताछ की। जानकारी मिलने पर पुलिस ने ट्रेलर को रुकवाया, जहां जवान का शव नीचे दबा मिला।
कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर सिकराय मोर्चरी में रखवाया गया। घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश जारी है। मृतक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव सौंपा जाएगा।


