दर्दनाक हादसा: घर के बाहर खेल रहे एक साल के मासूम को SUV ने कुचला, इकलौते बेटे की मौत के बाद फूट-फूट कर रोए पिता

post 557 (1)

जयपुर। झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे बच्चे को एक एसयूवी ने कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस के अनुसार जालूपुरा निवासी मोहम्मद रिजवान का एक वर्षीय पुत्र मोहम्मद इब्राहिम अपनी मां के साथ करीब एक सप्ताह पहले झोटवाड़ा के जगन्नाथपुरी स्थित ननिहाल आया हुआ था। गुरुवार शाम वह घर के बाहर खेल रहा था, तभी वहां से गुजर रही एक एसयूवी की चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बच्चा गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद चालक ने मानवता दिखाते हुए घायल बच्चे को तुरंत कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे का परीक्षण किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसे मृत घोषित कर दिया गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

शुक्रवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल एसयूवी को जब्त कर आरोपी चालक सैफुदीन निवासी जगन्नाथपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद रिजवान मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और इब्राहिम उनका इकलौता बेटा था। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पिता का दर्द देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।