दर्दनाक हादसा : स्कूल परिसर में खेलते समय पोल गिरने से 8 वर्षीय मासूम की मौत

post 1624 (1)

उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में खेल गतिविधि के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कक्षा तीसरी में पढ़ने वाले 8 वर्षीय छात्र महर्थ राज सिंह की लोहे का पोल गिरने से गंभीर रूप से घायल होने के बाद मौत हो गई।

खेलते समय हुआ हादसा:-

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे बच्चा स्कूल मैदान में खेल रहा था। इसी दौरान वह हैंडबॉल के पोल पर लटका, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और अचानक पोल उसके सिर पर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम:-

घटना के बाद स्कूल स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्र को तुरंत एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिवार में पसरा मातम:-

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जांच में जुटी पुलिस, लापरवाही पर सवाल

सूचना मिलते ही गोवर्धन विलास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बच्चे के शव को एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग पहुंचे।

मामले में एएसआई प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक बच्चा आरके पुरम तीतरड़ी क्षेत्र का रहने वाला था और उसके पिता प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

You may have missed