Accident News: शादी समारोह से लौट रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हुई मौत

Accident News: बूंदी जिले में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। लाखेरी थाना क्षेत्र के इंदरगढ़ रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा:-
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान इंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के शिवगंज निवासी बोलता राम गुर्जर और लक्ष्मीपुरा निवासी हनुमान मीणा के रूप में हुई है। दोनों घनिष्ठ मित्र थे और लाखेरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
मौके पर बिखरा मंजर, अस्पताल में मृत घोषित:-
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। घटनास्थल पर खून से सना दृश्य और क्षतिग्रस्त बाइक देखकर राहगीर भी दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम:-
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। अपने बेटों के शव देखकर परिजन बेसुध हो गए और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी:-
लाखेरी थाने के सहायक उपनिरीक्षक गिर्राज गुर्जर के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाखेरी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। मृतक हनुमान मीणा के भाई की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हाईवे पर लगातार हादसों से लोगों में रोष:-
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।