दर्दनाक हादसा: करंट लगने से सात वर्षीय बालक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

post 795

बारां। जिले के केलवाड़ा थाना क्षेत्र के गदरेटा गांव में करंट लगने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गदरेटा निवासी डब्बू (7) पुत्र मिलन सहरिया शनिवार को घर में खेल रहा था। इसी दौरान वह घर में लगे बिजली के बोर्ड के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि बोर्ड में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे मासूम को तेज झटका लगा।

करंट लगने से बालक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बारां के राजकीय अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घर में लगा खराब या खुला बिजली बोर्ड माना जा रहा है।

मासूम की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भंवरगढ़ थाना क्षेत्र के डिकोनियां गांव की रानीपुरा सहरिया बस्ती में भी विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट फैल गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि एक बालिका घायल हो गई थी।