बीकानेर: ट्रक से टकराई बाइक, घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

बीकानेर। नाल थाना क्षेत्र में गांधी प्याऊ के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खारी चारणान निवासी राधाकिशन पुत्र नत्थूराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई त्रिलोक मेघवाल (21) दिल्ली में मार्बल का काम करता था और 14 जून को बीकानेर आया हुआ था।
रिपोर्ट के मुताबिक, 14 जून की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच त्रिलोक गांव निवासी भैराराम की मोटरसाइकिल लेकर बीकानेर के लिए रवाना हुआ था। रात करीब 9:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि गांधी प्याऊ के पास उसका सड़क हादसा हो गया है।
परिजनों के मौके पर पहुंचने पर वहां ट्रक नंबर आरजे 07 जीडी 2111 खड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक कथित रूप से लापरवाही से वाहन चला रहा था। बताया जा रहा है कि ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही मोटरसाइकिल उससे टकरा गई।
हादसे में त्रिलोक के सिर और गले में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई।
नाल थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच एएसआई विक्रम सिंह को सौंपी गई है।