दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से मां-बेटे समेत 4 की मौत

बारां। राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुगोर स्थित पार्वती नदी में नहाने गए चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक महिला, उसका बेटा और दो सगे भाई शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों शवों को नदी से बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बारां आए थे। इनमें दो लोग मध्यप्रदेश के गुना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह सभी लोग गुगोर स्थित पार्वती नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान छीपाबड़ौद निवासी गुड्डी बाई (45) के बेटे का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। बेटे को डूबता देख गुड्डी बाई उसे बचाने के लिए नदी में कूद गईं। इसके बाद उनका दूसरा बेटा सलाम और अन्य लोग भी बचाव के लिए पानी में उतर गए।
इस दौरान एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चार लोग गहरे पानी में समा गए। हादसे में गुड्डी बाई समेत चार लोगों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
हादसे में मां-बेटे और दो सगे भाइयों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
छबड़ा थाना अधिकारी राजेश खटाना ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। रेस्क्यू अभियान चलाकर चारों शवों को नदी से बाहर निकाला गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गहरे पानी में चले जाने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।