आज से नौतपा शुरू, भीषण गर्मी के बीच होगी आंधी-बारिश, मानसून का आया अपडेट

आज से नौतपा शुरू, भीषण गर्मी के बीच होगी आंधी-बारिश, मानसून का आया अपडेट
जयपुर। प्रचंड गर्मी के लिए खास नौ दिवसीय नौतपा की शुरुआत सोमवार से हो रही है। वर्ष 1980 के बाद फिर से 25 मई को इसकी शुरुआत हो रही है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार इस साल शुरुआती छह दिनों में सूर्यदेव के तेवर हावी रहेंगे। ऐसे में आमजन को परेशानी होगी। 29 मई तक रेगिस्तानी इलाकों में पारा 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। 30 मई से तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। नौतपा के आखिरी तीन दिनों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। ज्योतिषियों के मुताबिक नौतपा में गर्म हवाएं चलने और तापमान में वृद्धि होने की उम्मीद है। हालांकि सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में परिभ्रमण काल 13 दिनों से अधिक का भी हो सकता है, लेकिन पहले नौ दिन को ही नौतपा के रूप में माना जाता है। इन्हीं दिनों के आधार पर आगामी चार महीनों की वर्षा ऋतु की स्थिति का अनुमान लगाया जाता है। पूरे नौ दिन यदि नौतपा खंडित न हो तो मानसून के मेघ भी मेहरबान रहते हैं।
प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. निधि शर्मा ने बताया कि दोपहर 12 से 3 बजे तक गर्मी का ज्यादा असर रहेगा। ऐसे में लोग जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। फल, सत्तू खाएं। तला, भुना और मसालेदार खाना न खाएं। सनस्क्रीन क्रीम और चश्मे का इस्तेमाल करें। व्यायाम करने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक आगामी तीन से चार दिन तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तेज धूलभरी हवाएं 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 और 27 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कई स्थानों पर तीव्र हीटवेव की स्थिति बनने की भी आशंका है।