श्रीगंगानगर: दो कारों की तलाशी में डिक्की से निकले संदिग्ध कार्टन, बरामदगी देख पुलिस के उड़े होश, पढ़े पूरी खबर
श्रीगंगानगर: दो कारों की तलाशी में डिक्की से निकले संदिग्ध कार्टन, बरामदगी देख पुलिस के उड़े होश, पढ़े पूरी खबर
श्रीगंगानगर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित प्रीगाबालिन की 90 हजार से ज्यादा टैबलेट जब्त करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह खेप हरियाणा के अंबाला से रायसिंहनगर लाई जा रही थी।
खुफिया सूचना पर हुई कार्रवाई:-
सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर दो संदिग्ध कारों को रोका। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। सदर थाना के एएसआई निहालचंद ने बताया कि राजस्थान नंबर की एक कार से दो कार्टन में भरी 36 हजार से अधिक प्रीगाबालिन टैबलेट मिलीं। कार चला रहे रायसिंहनगर वार्ड नंबर 6 निवासी सन्नी डाबी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं हरियाणा नंबर की दूसरी कार की जांच में 53 हजार 200 प्रीगाबालिन टैबलेट बरामद हुईं। इस वाहन के चालक हिसार जिले के आदमपुर मंडी निवासी कुलदीप उर्फ सुमेर बिश्नोई को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि सप्लाई नेटवर्क और अन्य तस्करों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
डिक्की में छिपाकर रखी गई थीं दवाइयां:-
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रिश्तेदारों से मिलने जाने की बात कही, लेकिन शक होने पर जब कारों की डिक्की खुलवाई गई तो प्रतिबंधित दवाइयों के कार्टन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार टैबलेट और कैप्सूल की गिनती में करीब दो घंटे लगे। भारी मात्रा में नशीली दवाएं मिलने के बाद उच्च अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप रायसिंहनगर और श्रीविजयनगर क्षेत्र के कुछ तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।