Crime News: राजस्थान में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, दादी पर 15 माह की पोती की हत्या का आरोप

post 875

Crime News: राजस्थान के रतनगढ़ शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दादी पर अपनी ही 15 माह की मासूम पोती की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 44 निवासी निलोफर पत्नी अकरम बिसायती ने थाने में रिपोर्ट दी है। शिकायत में बताया गया कि उसकी सास जरीना शादी के बाद से ही उससे रंजिश रखती थी। रविवार सुबह उसकी 15 माह की बेटी सना घर में खेल रही थी। इसी दौरान जरीना उसे अपने साथ बाहर ले गई। कुछ देर बाद बच्ची घर में नहीं मिली तो परिजनों ने तलाश शुरू की। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी बताया कि सना को जरीना अपने साथ लेकर गई थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना अधिकारी सीआई गौरव खिड़िया के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जरीना बच्ची को रामचंद्र पार्क से ईदगाह मस्जिद की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक नाले के पास ले गई थी। आशंका है कि वहीं उसे पानी में डुबो दिया गया। सूचना पर पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और नाले से बच्ची का शव बरामद किया।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे लापता हुई सना का शव दोपहर लगभग 3 बजे नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आरोपी दादी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

You may have missed