श्रीगंगानगर: संदिग्ध हालात में सड़क किनारे मिला युवक का शव, पत्नी गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी

श्रीगंगानगर: संदिग्ध हालात में सड़क किनारे मिला युवक का शव, पत्नी गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी
Rajasthan News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गांव 1 KLM के पास सड़क किनारे एक युवक की खून से लथपथ लाश मिली, जबकि कुछ दूरी पर उसकी पत्नी बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल मृतक के घर से महज 200 मीटर दूर बताया जा रहा है।
राहगीर ने देखा खौफनाक दृश्य:-
रात करीब 9:35 बजे गांव निवासी डीजे संचालक तोलाराम वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े दो लोगों पर पड़ी। पास जाकर देखा तो युवक उनकी पहचान का 27 वर्षीय आशीष निकला। तोलाराम ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
सिर पर गहरे घाव, मोबाइल फोन गायब:-
पुलिस जांच में सामने आया कि आशीष के शरीर पर संघर्ष के निशान हैं और उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने जैसी गंभीर चोटें मिली हैं। घटना के बाद उसका मोबाइल फोन भी मौके से गायब मिला। बताया जा रहा है कि पहचान के लिए जब उसके नंबर पर कॉल किया गया, तो किसी ने फोन काटकर स्विच ऑफ कर दिया, जिससे मामले में शक और गहरा गया है।
हाल ही में हुई थी शादी, नई नौकरी भी शुरू की थी:-
आशीष की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। परिवार के अनुसार, उसने तीन दिन पहले ही एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में नौकरी शुरू की थी। उसकी पत्नी फिलहाल अचेत अवस्था में है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस:-
रावला पुलिस थाने के एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। मृतक की पत्नी के होश में आने के बाद उसका बयान अहम माना जा रहा है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।