बीकानेर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी, ICU में भर्ती

बीकानेर। राजस्थान में प्रसूताओं के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक और मामला सामने आया है। कोटा के सरकारी अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के मामले के बाद अब बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद छह महिलाओं की तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। सभी महिलाओं का आईसीयू में उपचार चल रहा है, जबकि एक मरीज को गंभीर स्थिति के चलते वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
जानकारी के अनुसार प्रभावित महिलाओं की उम्र 20 से 27 वर्ष के बीच है। सभी की सिजेरियन डिलीवरी करीब 10 से 15 दिन पहले पीबीएम अस्पताल के जनाना विंग में हुई थी। प्रसव के बाद शुरुआती दिनों में उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन बाद में एक-एक कर सभी महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी।
डॉक्टरों के अनुसार मरीजों में किडनी संबंधी समस्याएं, पेशाब कम होना, प्लेटलेट्स में गिरावट, संक्रमण और अन्य गंभीर लक्षण पाए गए हैं। इसके बाद सभी को विशेष निगरानी में आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपचार में जुटी हुई है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों के मुताबिक किडनी इंजरी के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें संक्रमण, अत्यधिक रक्तस्राव, गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताएं या अन्य चिकित्सकीय कारण शामिल हैं। इन सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी एक निश्चित कारण की पुष्टि नहीं हुई है और विशेषज्ञों की टीम पूरे मामले की विस्तार से पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कोटा के एक सरकारी अस्पताल में भी सिजेरियन डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया था। उस प्रकरण में पांच महिलाओं की मौत हो गई थी। शुरुआती स्तर पर मामले को संक्रमण और अन्य चिकित्सकीय जटिलताओं से जोड़कर देखा गया था, हालांकि जांच अभी भी जारी है।