Rajasthan: आरोपी का धड़ से अलग हुआ सिर, चलती ट्रेन से कूदा, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

post 605 (1)

झालावाड़। जिले के भवानीमंडी क्षेत्र में एनडीपीएस मामले में वांछित एक आरोपी की ट्रेन से गिरने के बाद मौत हो गई। पुलिस कोटा से 58 वर्षीय अब्दुल सलाम को रणथम्भौर एक्सप्रेस ट्रेन से भवानीमंडी ला रही थी। इसी दौरान धुआखेड़ी स्टेशन के पास चलती ट्रेन से गिरने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार रास्ते में आरोपी ने टॉयलेट जाने की बात कही। पुलिसकर्मी उसे टॉयलेट की ओर ले जा रहे थे, तभी उसने कथित रूप से हाथ छुड़ाकर ट्रेन के दरवाजे से छलांग लगा दी। गिरने के दौरान उसका सिर विद्युत पोल से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू की गई।

वहीं मृतक के परिजनों ने घटना को लेकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अब्दुल सलाम को सुबह घर से हिरासत में लिया गया था और वह आत्मघाती कदम नहीं उठा सकता। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे ट्रेन से धक्का दिया गया है तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी एनडीपीएस प्रकरण में वांछित था और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

You may have missed