बीकानेर: इस मामले में छह आरोपियों को 15 दिन के लिए भेजा जेल, करोड़ों का था मामला

बीकानेर: इस मामले में छह आरोपियों को 15 दिन के लिए भेजा जेल, करोड़ों का था मामला
बीकानेर। 2.45 करोड़ की घूस लेने के मामलों में गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों 15 दिन के लिए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। रिमांड अवधि पूरी होने पर उन्हें रविवार को सेशन जज के निवास पर पेश किया गया। एसीबी के एएसपी महेंद्र कुमार गुप्ता ने पूछताछ पूरी होने के कारण आरोपियों जेल भेजने के लिए प्रार्थना पत्र पेश किया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। 15 करोड़ के नकली मूंगफली के सीज किए बीज बिना कानूनी कार्यवाही गुपचुप तरीके से गुजरात भेजने और संबंधित कंपनियों को क्लीनचिट देने के बदले 2.45 करोड़ रुपए की घूस लेने का मामला एसीबी ने दर्ज किया था, जिसमें राजस्थान बीज निगम के पूर्व डायरेक्टर जुगल किशोर बिश्नोई, उसके भांजे स्वतंत्र ज्याणी, किरण कपाड़िया, गणपत, सत्यपाल जज, सुनील कुमार सेतिया को गिरफ्तार किया गया था।
आरोपियों के मोबाइल नंबर कई दिनों से सर्विलांस पर थे। उनकी ऑडियो टेप में कई बड़े खुलासे हुए हैं। श्रीगंगानगर में कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक सतीश कुमार और प्रशासनिक अधिकारी सुरजीत के अलावा सुनील सैनी का भी नाम सामने आया है। इन तीनों को प्रकरण में आरोपी बनाने का फैसला एसीबी मुख्यालय से होगा। जांच अधिकारी महेंद्र गुप्ता फाइल लेकर जयपुर चले गए हैं। सोमवार को मुख्यालय में इस मसले पर आगे की कार्यवाही को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।