राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर, सभी जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार

post 1589 (1)

राजस्थान में भीषण गर्मी ने समय से पहले ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं मरुस्थलीय हवाओं के कारण लू का असर भी अब साफ नजर आने लगा है।

शनिवार, 18 अप्रैल को राजधानी जयपुर में इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां पहली बार तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिनभर परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 3 से 4 दिन और भी चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। प्रदेश में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। शनिवार को झुंझुनूं और अलवर सहित कई इलाकों में लू का असर देखने को मिला, जबकि 18 से अधिक शहरों में पारा 40 से 43 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में धूलभरी आंधियों ने जनजीवन प्रभावित किया। सुबह से ही तेज हवाओं के चलते लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य के लिए अगले 3–4 दिनों तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी जिलों में लू का प्रभाव बढ़ने की आशंका है। विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है।

किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए सिंचाई का समय बदलने की सलाह दी गई है, ताकि तेज गर्मी और लू के असर को कम किया जा सके।

तेजी से बढ़ते तापमान को देखते हुए यह संकेत मिल रहे हैं कि इस बार नौतपा से पहले ही गर्मी पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है। फिलहाल, लोगों को सूरज के तीखे तेवरों से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है।