RPSC: राजस्थान में दोबारा होगी सब इंस्पेक्टर भर्ती, परीक्षा को लेकर आया बड़ा अपडेट

post 120 (1)

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने राज्य सरकार की अनुशंसा के बाद वर्ष 2021 में आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा नए सिरे से आयोजित की जाएगी। आयोग की ओर से इससे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा रहे हैं।

आयोग अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने बताया कि री-एग्जाम में केवल वही 3 लाख 83 हजार 097 अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पूर्व में आयोजित लिखित परीक्षा के दोनों पेपर दिए थे। नए उम्मीदवारों को आवेदन का अवसर नहीं मिलेगा। परीक्षा सितंबर 2026 में आयोजित होने की संभावना है।

16 मई से आवेदन संशोधन का मौका:-

आयोग ने अभ्यर्थियों को पुराने आवेदन पत्र में जरूरी बदलाव और अपडेट का अवसर दिया है। आवेदन संशोधन प्रक्रिया 16 मई से 30 मई 2026 तक चलेगी। इस दौरान अभ्यर्थी मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस और पत्राचार पते जैसी जानकारियों में बदलाव कर सकेंगे।

OTR और KYC प्रक्रिया होगी अनिवार्य:-

आवेदन में संशोधन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) के तहत KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी उम्मीदवार ने अपनी SSO आईडी बदल ली है, तो वह ‘फैच एप्लिकेशन फॉर्म’ विकल्प के जरिए पुराना डेटा नई प्रोफाइल में ट्रांसफर कर सकता है। KYC पूरी होने के बाद लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान स्वतः अपडेट हो जाएगा।

बायोमेट्रिक सहमति देना जरूरी:-

आयोग के अनुसार, जिन अभ्यर्थियों को आवेदन में कोई बदलाव नहीं करना है, उन्हें भी आवेदन को एडिट मोड में खोलना होगा। यहां फोटो और बायोमेट्रिक डेटा उपयोग की स्वघोषणा और सहमति देना अनिवार्य रहेगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर आवेदन को अंतिम रूप से सब्मिट करना होगा।

पात्रता 2021 के नियमों के अनुसार ही मान्य:-

आयोग सचिव ने बताया कि आयु सीमा, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता समेत सभी पात्रता शर्तें वर्ष 2021 के नियमों के अनुसार ही लागू रहेंगी। इनमें वर्तमान स्थिति के अनुसार कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट और भर्ती पोर्टल पर अपडेट देखने की सलाह दी गई है।