Road Accident: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बारातियों की कार पेड़ से टकराई; तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

post 371 (1)

श्रीगंगानगर। जिले के रायसिंहनगर के गांव खिचियां में एक शादी समारोह का हंसी-खुशी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब बारात में शामिल युवकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना समेजा थाना क्षेत्र के गाँव खिचियां मोड़ के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रावला क्षेत्र के चक 4 केपीडी से गोपीराम बावरी पुत्र भैराराम की बारात गांव खिचियां के लिए रवाना हुई थी। बारात जब खिचियां मोड़ के पास पहुंची, तब दूल्हे के दोस्तों की कार अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पृथ्वीराज पुत्र कृष्णलाल निवासी 2 केएलएम तथा बाबूलाल पुत्र सुल्तान निवासी 4 केपीडी की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं गोविंद पुत्र जगदीश निवासी 4 केपीडी, मोहनलाल पुत्र पूर्णराम निवासी 5 केवाइडी तथा घनश्याम पुत्र मनफुलराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल निजी वाहनों की सहायता से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान घनश्याम ने भी दम तोड़ दिया, जबकि गोविंद और मोहनलाल की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। मृतकों के शव राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

घटना के बाद मची चीख-पुकार:-

घटना की सूचना मिलते ही शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। बताया जा रहा है कि गिरधारीलाल बावरी की बेटी सुमन की शादी थी, लेकिन विवाह की रस्मों से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जांच में जुटी पुलिस:-

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।