Road Accident: तेज रफ्तार SUV हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम

Road Accident: झुंझुनूं, जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दूल्हे की एसयूवी लेकर निकले उसके दोस्त भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। न्यू नेशनल हाईवे-11 पर देर रात तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब 2 बजे भैंसावता के पास हुआ। चार युवक मोई गांव में अपने दोस्त की बारात में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वे दूल्हे की एसयूवी लेकर किसी काम से चिड़ावा की ओर जा रहे थे। रास्ते में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और दीवार से टकराने के बाद खेत में जा गिरा।
हादसे में उदावास निवासी संदीप कड़वासरा, तनिष्क शेखावत और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाकरा निवासी अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से गाड़ी में फंसे युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों शवों को चिड़ावा के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
हादसे की खबर बारात स्थल तक पहुंचते ही खुशी का माहौल गम में बदल गया। अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।