Road Accident: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, 5 लोग गंभीर घायल

post 799 (1)

बारां। जिले के केलवाड़ा थाना क्षेत्र में ऊनी पहाड़ी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और उछलकर दूसरी ओर सर्विस रोड पर जा पहुंची। हादसे में कार सवार छह लोगों में से पांच गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान कार का इंजन और टायर अलग हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। घायलों को तत्काल केलवाड़ा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कार में सवार जहीर अंसारी ने बताया कि सभी यात्री गुजरात के अहमदाबाद निवासी हैं। वे उत्तर प्रदेश के प्रेमनगर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर अहमदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और हादसा हो गया।

घायलों की पहचान मुश्ताक (38), अब्दुल कुद्दूश (53), मुस्तफा (60), हनीफ (65) और सुहैल (32) निवासी अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है।

You may have missed