Road Accident: भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

post 945 (1)

Road Accident: भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

Accident News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नए साल के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार डंपर ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक 8 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे में बच्चे की बहन और मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।

यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे नेशनल हाईवे-758 पर बीगोद थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार मांडलगढ़ की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान नारायण, नकुल और भानू प्रताप के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला गनिया और उसकी बेटी मन्नू को पहले भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे के समय कार में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। गनिया अपने बच्चों और रिश्तेदार के साथ मेजा गांव स्थित ससुराल से अपने पीहर मांडलगढ़ जा रही थी। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लोग वाहन में फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

You may have missed