सवारियों से भरी बस और ट्रेलर में भिड़ंत, 14 घायल, ड्राइवर बोला-टायर फटने से ट्रेलर बेकाबू हुआ

सवारियों से भरी बस और ट्रेलर में भिड़ंत, 14 घायल, ड्राइवर बोला-टायर फटने से ट्रेलर बेकाबू हुआ
पाली जिले के सुमेरपुर सदर थाना क्षेत्र में हाईवे पर नेतरा के पास गुरुवार रात सवारियों से भरी एक निजी बस को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस ड्राइवर, कंडक्टर समेत 14 यात्री घायल हो गए। घायलों को सुमेरपुर हॉस्पिटल लाया गया, जहां से गंभीर घायलों को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर रात में ही यातायात सुचारू कर दिया। निजी बस मुंबई से दिल्ली जा रही थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ। सुमेरपुर सीओ जितेन्द्रसिंह ने बताया – रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर नेतरा पुलिया के पास यात्री बस और ट्रोले की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। मौके पर जांच में सामने आया कि मोरबी (गुजरात) से टाइल्स भरकर दिल्ली जा रहा ट्रोला हाईवे क्रॉस करते समय रॉग साइड में आ गया। इसी दौरान यह ट्रोला जोधपुर की ओर से आ रही ट्रेवल्स बस से सीधे टकरा गया, जिससे भीषण हादसा हो गया। इस टक्कर में बस ड्राइवर और कंडेक्टर को चोटें आईं, जबकि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सुमेरपुर हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर आगे रेफर किया गया।