व्यापारी से मांगी पांच करोड़ की फिरौती:विदेशी नंबर से किया कॉल, कहा-जान प्यारी है तो पैसे भेज दो

6

व्यापारी से मांगी पांच करोड़ की फिरौती:विदेशी नंबर से किया कॉल, कहा-जान प्यारी है तो पैसे भेज दो

जयपुर में एक व्यापारी को विदेश नंबर से कॉल कर पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर श्याम नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। एफआईआर के अनुसार, पीड़ित परिवार अपने निजी मकान में रह रहा है। शिकायत में बताया गया कि 18 मई को दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और कहा कि उसे पांच करोड़ रुपये की आवश्यकता है। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि “परसों तक पैसे दे देना, नहीं तो जान से मार दूंगा। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि कॉल आने के बाद बच्चा घबरा गया और उसने फोन बंद कर दिया। इसके बाद आरोपी ने मैसेज भेजकर कहा कि “फोन बंद करने से कोई फायदा नहीं है। जान प्यारी है तो पैसे भेज दो, वरना दुकान और सब कुछ खत्म कर दूंगा। धमकी से डरकर बच्चा घर से बाहर चला गया। इसके बाद उसके पिता ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस के अनुसार, कॉल विदेश नंबर से किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉल डिटेल, नंबर की लोकेशन और मैसेज की तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वास्तव में किसी गैंग से जुड़ी है या फिर किसी ने डराने के उद्देश्य से फर्जी पहचान का इस्तेमाल किया है।