Rajasthan : ये कैसा सिस्टम; कार में हेलमेट नहीं पहना… कट गया 1000 रुपए का चालान! पढ़े खबर

Rajasthan : डिजिटल इंडिया के दौर में जहां तकनीक काम को आसान बना रही है, वहीं कई बार ऐसी गड़बड़ियां भी सामने आ रही हैं जो व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर देती हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला जयपुर के चंदवाजी क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक कार चालक को “बिना हेलमेट वाहन चलाने” का ऑनलाइन चालान जारी कर दिया गया।

जुगलपुरा निवासी सूंडाराम 12 अप्रैल को अपनी कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में कहीं कोई पुलिस जांच या रोक-टोक नहीं हुई, लेकिन बाद में उनके मोबाइल पर 1000 रुपए का चालान मैसेज आया, जिसमें कारण “बिना हेलमेट वाहन चलाना” बताया गया। इस अजीबोगरीब चालान ने सभी को हैरान कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह चालान जुगलपुरा के पास किसी लोकेशन से ऑनलाइन सिस्टम के जरिए जनरेट हुआ। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई कि आखिर कार चालक पर हेलमेट न पहनने का चालान कैसे काटा गया।
पीड़ित सूंडाराम ने जब परिवहन विभाग से संपर्क किया, तो उन्हें सीधे समाधान देने के बजाय ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इससे आम लोगों में नाराजगी है कि सिस्टम की गलती का खामियाजा आम नागरिक को क्यों भुगतना पड़े।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फोटो और वाहन की सही जांच किए बिना चालान जारी किए जाएंगे, तो तकनीक सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन सकती है। ऐसे मामलों से लोगों का भरोसा भी कमजोर होता है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले:-
इससे पहले नागौर में ट्रैफिक पुलिस ने एक इलेक्ट्रिक कार का प्रदूषण उल्लंघन में चालान कर दिया था, जबकि ईवी वाहन में पारंपरिक प्रदूषण नहीं होता। काली फिल्म को लेकर की गई जांच के दौरान यह कार्रवाई हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था।