बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वर्षों से फरार तीन स्थाई वारंटी गिरफ्तार

बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नापासर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्यवाहक थानाधिकारी जगदीश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार शिवलाल पुत्र मांगीलाल निवासी हिंमतासर, करणीदान उर्फ कालू सोनी पुत्र पूनमचंद निवासी नेहरू चौक नापासर और लालचंद पुत्र बाबूलाल निवासी हरिरामपुरा नापासर विभिन्न मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहे थे। इनके खिलाफ न्यायालय से स्थाई वारंट जारी थे, लेकिन ये गिरफ्तारी से बचते हुए फरार थे।
मंगलवार को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए तीनों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है और फरार अपराधियों में भी हलचल बढ़ी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए जाएंगे।