Rajasthan Weather: मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 जिलों में किया आंधी-बारिश का अलर्ट जारी, पढ़े खबर

Rajasthan Weather: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आज प्रदेश के 30 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को कई हिस्सों में बारिश और अंधड़ के चलते तापमान में 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।
शुक्रवार को चूरू, हनुमानगढ़, बीकानेर, सीकर, अलवर, जयपुर, भरतपुर, झुंझुनूं और करौली सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है, हालांकि किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि खुले में रखी फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
मलसीसर में सबसे ज्यादा 43 मिमी बारिश:-
झुंझुनूं जिले के मलसीसर क्षेत्र में सबसे अधिक 43 मिमी यानी करीब 2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। वहीं दौसा जिले में तेज अंधड़ के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया है।
तापमान में आई गिरावट:-
आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के असर से प्रदेश के कई शहरों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अलवर में अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस घटकर 36.2 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
जयपुर में 70 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं:-
मौसम विभाग ने आज जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई है। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और तेज गर्मी से बने लो-प्रेशर सिस्टम के संयुक्त असर से यह स्थिति बनी हुई है।
मानसून को लेकर भी जारी हुआ पूर्वानुमान:-
इस बीच मौसम विभाग ने मानसून सीजन को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के मुताबिक इस बार राजस्थान में मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। इसके पीछे अल नीनो की सक्रियता को प्रमुख वजह माना जा रहा है। जून से अगस्त तक अल नीनो का प्रभाव बने रहने की संभावना है, जबकि इंडियन ओशन डायपोल की स्थिति न्यूट्रल रहने का अनुमान है, जिससे मानसूनी बारिश प्रभावित हो सकती है।