Rajasthan Politics: BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का सख्त रुख, महिला नेत्रियों को लगाई फटकार, कार्यक्रम अधूरा छोड़ निकले

post 1925 (1)

राजस्थान की राजधानी जयपुर मंगलवार रात एक अनोखे सियासी घटनाक्रम की गवाह बनी। मौका था भाजपा महिला मोर्चा द्वारा कांग्रेस के खिलाफ आयोजित ‘मशाल जुलूस’ का, लेकिन सुर्खियां विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का गुस्सा बटोर ले गया। अमर जवान ज्योति पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान उस वक्त माहौल गरमा गया, जब अव्यवस्था और लापरवाही को लेकर राठौड़ ने नाराज़गी जाहिर कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वे कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।

अव्यवस्था बनी वजह:-

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कई कार्यकर्ता जलती मशालों के साथ एक-दूसरे के काफी करीब खड़े होकर फोटो और सेल्फी लेने में व्यस्त दिखे। इसे लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। हालांकि, बार-बार समझाइश के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यक्रम बीच में छोड़ दिया।

सुरक्षा पर जताई चिंता:-

सूत्रों के मुताबिक, मशाल जुलूस जैसे कार्यक्रम में सुरक्षा मानकों का पालन न होना चिंता का विषय रहा। इसी कारण नेतृत्व स्तर पर सख्ती दिखाई गई ताकि किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।

संगठनात्मक अनुशासन पर चर्चा:-

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व इस मामले में संबंधित इकाई से रिपोर्ट मांग सकता है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल:-

जब मदन राठौड़ डांट लगाकर जा रहे थे, तब वहां खड़े दर्जनों मीडियाकर्मियों के कैमरों ने इस ‘अनप्लान्ड’ मूवमेंट को रिकॉर्ड कर लिया। भाजपा के रणनीतिकार अब इस डैमेज को कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब सफाई देना मुश्किल हो रहा है।

भीड़ को लेकर अलग-अलग दावे:-

कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं का कहना है कि जुलूस में अच्छी भागीदारी रही, जबकि कुछ अन्य आकलनों में अपेक्षाकृत कम संख्या की बात सामने आई है।

You may have missed