राजस्थान: ACB कार्रवाई में पटवारी गिरफ्तार, ट्रैप के दौरान टॉयलेट में फेंकी रिश्वत की रकम

post 419. (1)

राजस्थान में भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में राजसमंद जिले में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। उदयपुर एसीबी की टीम ने राजसमंद में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन जैसे ही उसे कार्रवाई की भनक लगी, उसने रिश्वत की रकम को टॉयलेट में फेंक दिया।

क्या है पूरा मामला?

एसीबी के जयपुर मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 26 मई को उदयपुर स्थित एसीबी इंटेलिजेंस यूनिट ने राजसमंद जिले में यह कार्रवाई की। विभाग को 1 मई को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि पटवार हल्का सेमा (अतिरिक्त चार्ज बडा भाणुजा, तहसील खमनोर) के पटवारी राहुल कुमार शर्मा ने एक नामांतरण (म्यूटेशन) कार्य के लिए 7000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के अनुसार यह रिश्वत जमीन की रजिस्ट्री के बाद नामांतरण दर्ज कराने के बदले मांगी जा रही थी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद ट्रैप की योजना बनाई।

ट्रैप के दौरान टॉयलेट में फेंके नोट:-

जानकारी के अनुसार, आरोपी पटवारी ने पहले परिवादी से 1000 रुपये ले लिए थे। बाद में जब वह शेष 4000 रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही आरोपी घबरा गया और रिश्वत की रकम को अपने सरकारी आवास के टॉयलेट में फेंक दिया। लेकिन पूछताछ के बाद एसीबी ने आरोपी की निशानदेही पर नोट बरामद किए और उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

आगे की कार्रवाई जारी:-

आरोपी राहुल कुमार शर्मा से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने इस मामले में मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।