Accident News: शादी समारोह में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलटी, 19 लोग घायल

post 421 (1)

Accident News: सिरोही जिले के आबूरोड सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। हनुमान टेकरी के पास शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों सहित कुल 19 लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

आबूरोड सदर थाना के एएसआई भूरीसिंह के अनुसार पंचदेवल से निचलागढ़ की ओर जा रहे लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हनुमान टेकरी के निकट अचानक ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कई अन्य को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायलों को आबूरोड उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

You may have missed