राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.20 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार

बाड़मेर। बालोतरा जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.200 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ड्रग्स की खरीद-फरोख्त से अर्जित 1.25 लाख रुपए नकद भी जब्त किए हैं। कार्रवाई में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।मामले में तीन लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन विभंजन’ के तहत जिला पुलिस, डीएसटी बालोतरा और धोरीमन्ना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। एमडी ड्रग्स की तस्करी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने करीब एक महीने तक तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के जरिए पूरे नेटवर्क पर नजर रखी।
कार्रवाई के दौरान चैनाराम (47) और उसके पुत्र हनुमानराम (25) निवासी मायलों की बेरी, खारी को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुख्य आरोपी अनिल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
रेतीले धोरों में पैदल पहुंची पुलिस:-
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने आबादी से दूर रेतीले धोरों के बीच स्थित ढाणी को चारों ओर से घेर लिया। वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण पुलिसकर्मियों ने करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर दबिश दी, ताकि आरोपी भाग न सकें।
11 पैकेटों में मिली एमडी ड्रग्स:-
तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे से 11 पैकेटों में रखी 2.200 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि इसे आगे सप्लाई करने के लिए छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार किया गया था। मौके से 1.25 लाख रुपये नकद भी मिले, जिन्हें पुलिस ड्रग्स कारोबार से जुड़ी रकम मानकर जांच कर रही है।
नेटवर्क की पड़ताल जारी:-
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स कहां से लाई गई, किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सुनसान ढाणी को सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल कर वहीं से मादक पदार्थ की सप्लाई करते थे।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।